बारां , अप्रैल 27 -- राजस्थान के बारां में कांच व्यापारी के अपहरण और फिरौती मामले के अलावा शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में व्यापार महासंघ के आह्वान पर सोमवार को आधे दिन बारां व्यापरियों ने दुकानें बंद रखीं।
शहर के प्रमुख बाजार पूरी तरह बंद रहे, जबकि आवश्यक सेवाओं और ठेला व्यवसायियों को बंद से अलग रखा गया।
इस अवसर पर व्यापारी सुबह भूरालाल जी धर्मशाला में एकत्रित हुए, जहां से विरोध जुलूस निकाला गया। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए प्रताप चौक पहुंचा। इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की।
सभा को संबोधित करते हुए व्यापारिक नेताओं ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारी वर्ग भयभीत है। पुलिस समय रहते अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रही है, जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।
इसके बाद व्यापार महासंघ ने पुलिस अधीक्षक के नाम पुलिस उपाधीक्षक हरिराम सोनी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 24 अप्रैल को हुए व्यापारी सतीश गौड़ के अपहरण और फिरौती मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित