बारां , मई 30 -- राजस्थान में बारां जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर भारी मात्रा में मशीनरी, वाहन और खनन में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने शनिवार को बताया कि कार्रवाई के दौरान आठ पोकलेन (एलएनटी) मशीनें, पांच जेसीबी, दो डंपर, 23 रेत से भरीं ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, छह खाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, सात खाली ट्रॉलियां, एक मोटरसाइकिल एवं दो नाव जब्त की गई हैं।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल कुमार की देखरेख में अवैध खनन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इसके लिए चार दलों का गठन किया गया। इन दलों ने मांगरोल क्षेत्र के मुंडिया, बालूंदा और सूरताक गांवों के समीप पार्वती नदी में अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मुंडिया गांव के पास अवैध खनन करते हुए चार एलएनटी पोकलेन मशीनें, तीन जेसीबी, 22 ट्रैक्टर- ट्रॉलियां, एक बजरी से भरा डंपर, तीन खाली ट्रैक्टर और सात खाली ट्रॉलियां जब्त की गईं।
इसके अलावा बालूंदा गांव के पास से एक एलएनटी पोकलेन मशीन और सूरताक क्षेत्र से एक एलएनटी पोकलेन मशीन, दो जेसीबी, तीन खाली ट्रैक्टर, दो नाव और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
श्री अंदाशु ने बताया कि इसी क्रम में किशनगंज क्षेत्र के बिसलाई गांव के पास अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो एलएनटी पोकलेन मशीनें, एक डंपर और एक रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया। इन वाहनों को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई में लिया गया। इसके अलावा थाना सीसवाली क्षेत्र के पापड़ी गांव में अवैध बजरी के स्टॉक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान खनन विभाग ने संबंधित मामले में 29 हजार 600 रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही अवैध खनन से संबंधित पाई गई अनियमितताओं की मौका रिपोर्ट तैयार की गई।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी खनन विभाग एवं परिवहन विभाग को भेज दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान करके उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित