बारां , सितम्बर 14 -- राजस्थान में बारां नगर परिषद के 60 वार्डों के चुनाव परिणामों ने सभी पूर्वानुमानों को धता बताते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने 31 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया।

सोमवार को हुई मतगणना में आम आदमी पार्टी (आप) ने 31 वार्डों में जीत दर्ज करके स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। यहां कांग्रेस को 18, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नौ और निर्दलीय प्रत्याशियों को दो सीटें मिली हैं। बहुमत का आंकड़ा पार करने के साथ ही नगर परिषद में आप का बोर्ड बनना तय हो गया है।

आम आदमी पार्टी की जीत ने यहां सभी को हैरान कर दिया है। आप की जीत से कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है।

चुनाव परिणामों में आप ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और वार्ड दर वार्ड उसका प्रदर्शन मजबूत होता चला गया। वहीं कांग्रेस 18 सीटों के साथ दूसरे और भाजपा महज नौ सीटों पर सिमटकर तीसरे स्थान पर रही। दो वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज करके अपनी मौजूदगी भी दर्ज करायी। आप को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब नगर परिषद के अगले सभापति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गयी हैं। नगर परिषद सभापति का पद महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में आप की ओर से निर्वाचित पार्षद शीतल राठौर का नाम सभापति पद की प्रमुख दावेदार के रूप में चर्चा में है। शीतल राठौर पूर्व सभापति कमल राठौर की पत्नी हैं और स्वयं भी चुनाव जीतकर परिषद में पहुंची हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित