बारां , अक्टूबर 27 -- राजस्थान में बारां की धान मंडी में मक्का की रिकॉर्ड आवक के चलते मंडी परिसर में जगह कम पड़ने लगी है।
मंगलवार को करीब ढाई लाख कट्टे मक्का की आवक हुई, जिससे पूरी मंडी ठसाठस भर गई। वहीं, श्रमिकों की कमी के कारण माल का उठाव भी प्रभावित हो रहा है और करीब डेढ़ लाख कट्टे कृषि जिंसों का ढेर लगा हुआ है।
व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी ने बताया कि मंडी में कृषि जिंसों की अधिक आवक और माल के उठाव में हो रही देरी को देखते हुए मंडी का संचालन सुचारू बनाए रखने के लिए एकांतर नीलामी व्यवस्था लागू की गई है। इसके बावजूद मक्का की रिकॉर्ड आवक से व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ गया है।
श्री लश्करी ने बताया कि मंडी में बढ़ती आवक को देखते हुए बुधवार को सभी कृषि जिंसों की नीलामी बंद रहेगी। गुरुवार को धान सहित अन्य कृषि जिंसों की नीलामी की जाएगी, जबकि मक्का की नीलामी बंद रहेगी।
उन्होंने कहा कि कृषि जिंसों की लगातार बढ़ती आवक के कारण मौजूदा मंडी परिसर छोटा पड़ने लगा है। ऐसे में मंडी का विस्तार होना बेहद जरूरी हो गया है, ताकि किसानों और व्यापारियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े और नीलामी और माल के उठाव की व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
उन्होंने बताया कि बुधवार रात 11 बजे के बाद ही किसानों की ट्रॉलियों को धान मंडी में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया है कि कि वे निर्धारित समय से पहले अपनी उपज लेकर मंडी नहीं आएं। साथ ही, जिस दिन जिन कृषि जिंसों की नीलामी निर्धारित है, किसान उसी उपज को मंडी में लेकर आएं, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित