बारां , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में बारां कृषि उपज मंडी में किसानों पर कथित लाठी प्रहार और उसके बाद हुए संघर्ष के मामले में किसान महापंचायत ने मोर्चा खोल दिया है।
किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक सत्यनारायण सिंह के नेतृत्व में किसान नेताओं ने घटना पर कड़ा रोष जताते हुए मंडी सचिव को जिम्मेदार ठहराया और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपकर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
श्री सिंह ने आरोप लगाया कि मंडी में प्रवेश को लेकर हुए विवाद के दौरान रात के समय मंडी में सुरक्षाकर्मियों ने एकजुट होकर निहत्थे किसानों पर लाठियों से हमला किया। इस घटना में कई किसान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पतालमें उपचार किया जा रहा है। किसान महापंचायत ने घटना को गंभीर बताते हुए मंडी प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
किसान महापंचायत ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की, कि किसानों पर लाठीचार्ज करने के आरोपी सुरक्षाकर्मियों को तत्काल सेवा से बर्खास्त किया जाए। उनके खिलाफ मामला दर्ज करके सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि मामले में शीघ्र और उचित कार्रवाई नहीं की गई तो किसान महापंचायत आंदोलन तेज करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित