बारां , सितंबर 19 -- राजस्थान में ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से संचालित वीबी-जी राम जी योजना के तहत जिला प्रशासन बारां द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करके कुल 1532 विकास कार्यों की स्वीकृति जारी की गई है।
इन कार्यों पर कुल करीब 108 करोड़ 71 लाख रुपए की राशि व्यय की जाएगी। यह स्वीकृति जिले के समस्त ग्राम पंचायत क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखेगी।
जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने शनिवार को बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना का विकास, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, शिक्षा, खेल और ग्रामीण आजीविका को एक साथ मजबूती प्रदान करना है। स्वीकृत कार्यों में ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए 197 खेल मैदानों के विकास कार्य शामिल हैं। इन मैदानों में बास्केटबॉल मैदान, क्रिकेट मैदान, दौड़ का मैदान, पौधारोपण एवं समतलीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को शहरी स्तर की सुविधाएं मिल सकें।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक वृक्ष कुंज विकसित किया जाएगा, जिसके लिए 255 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। जल संरक्षण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में 323 तालाबों के निर्माण एवं जीर्णाेद्धार के कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा और किसानों को सिंचाई में लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण संपर्क एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए 10 ग्रेवल सड़कों के निर्माण और 273 गांवों को आपस में जोड़ने के लिये मार्गों का मय पक्की नाली के निर्माण कार्य कराए जाएंगे, जिससे बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित