जयपुर , सितम्बर 18 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बाारां जिल में अंतरा उपखंड अधिकारी हवाई सिंह यादव के खिलाफ रिश्वत मांग का मामला दर्ज किया हैं।
एसीबी के अनुसार परिवादी की प्लानिंग की भूमि पर पूर्व उपखण्ड अधिकारी की आपत्ति को हटाने की एवज में वर्तमान उपखण्ड अधिकारी हवाई सिंह यादव ने पांच लाख रुपये रिश्वत की मांग की। इसके अतिरिक्त एक अन्य प्लानिंग की भूमि के एग्रीमेन्ट पर लगे स्टे को हटाने की एवज में भी 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग किये जाने की शिकायत मिली।
एसीबीकोटा इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार द्वारा शिकायत का नियमानुसार सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान श्री यादव द्वारा परिवादी की प्लानिंग की भूमि के एग्रीमेन्ट पर लगे स्टे को हटाने की एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग किया जाना पाया गया। परिवादी द्वारा रिश्वत राशि कम करने का अनुरोध किए जाने पर 45 हजार रुपये लेने पर सहमति व्यक्त की गयी तथा यह रिश्वत अपने कथित दलाल को देने के लिए कहा गया।
गोपनीय सत्यापन के पश्चात आरोपी उपखंड अधिकारी को प्रस्तावित ट्रैप कार्रवाई की भनक लग जाने के कारण रिश्वत राशि के लेन-देन की कार्रवाई नहीं हो सकी। सत्यापन के दौरान रिश्वत राशि की मांग किया जाना पाये जाने पर श्री यादव विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिश्वत मांग का प्रकरण दर्ज किया गया।
प्रकरण का अनुसंधान बारां एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करेंगे। अनुसंधान के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित