बारां , सितम्बर 13 -- राजस्थान में बारां जिले के सभी छह नगरीय निकायों में हुए चुनाव में मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे से निर्धारित केंद्रों पर शुरू होगी। प्रशासन ने मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने रविवार को बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम से हुए मतदान की मतगणना संबंधित निर्वाचन अधिकारियों की देखरेख में सम्पन्न होगी।

सूत्रों के मुताबिक बारां नगर परिषद की मतगणना राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में होगी, जबकि अंता नगर पालिका की मतगणना राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सीसवाली में स्वामी विवेकानन्द मॉडल स्कूल (प्राथमिक ब्लॉक), मांगरोल में राजकीय महाविद्यालय स्थित कन्या छात्रावास, छबड़ा पालिका की राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और अटरू की राजकीय कन्या महाविद्यालय में होगी।

जिला प्रशासन द्वारा सभी मतगणना केंद्रों पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के साथ कानून व्यवस्था और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर अधिकृत व्यक्ति को ही प्रवेश दिया जाएगा। सभी मतगणना केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाना निषिद्ध रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित