बारां , अक्टूबर 08 -- राजस्थान में बारां जिला कांग्रेस समिति की ओर से शुक्रवार को जिला स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

सम्मेलन में जिलेभर के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने गुरुवार को बताया कि सम्मेलन में अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया, पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव धर्मराज मेहरा, पूर्व विधायक निर्मला सहरिया, पूर्व विधायक करणसिंह राठौड़, पूर्व जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों, नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित