बारां , मार्च 02 -- राजस्थान में बारां के तेल फैक्ट्री क्षेत्र में पुलिस चौकी को थाने में तब्दील करने के साथ सड़कों के लिए 46 करोड़ रुपये मंजूर किये गये हैं।

बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा ने सोमवार को बताया कि विधानसभा में बजट सत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कई नयी घोषणाएं की। इसमें बारां जिले को लेकर भी घोषणाएं की गयी हैं। बारां शहर में तेल फैक्ट्री क्षेत्र में स्थित पुलिस चौकी को अब पुलिस थाने में क्रमोन्नत किया जाएगा ?कृषि विपणन बोर्ड का डिवीजन कार्यालय खुलेगा।

उल्लेखनीय है कि बारां शहर के लिए अभी एक मात्र थाना शहर कोतवाली ही है, जिसमें बारां शहर सहित सात किमी की परिधि के कई गांव इसमें शामिल हैं। बढ़ती आबादी एवं शहर के विस्तार को देखते हुए शहर में एक और पुलिस थाने की जरूरत महसूस की जा रही थी। उन्होंने भी इसे लेकर मांग रखी थी।

शहर में एक और पुलिस थाना खुलने से अब कानून-व्यवस्था को लेकर सहजता बढ़ेगी, वहीं कोतवाली पुलिस पर भी काम का भार कम होगा। इसके अलावा जिले में सड़कों के कामों के लिए 46 करोड़ रुपये की घोषणा की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित