बारां , अगस्त 03 -- राजस्थान के बारां में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र जैनेन्द्र शर्मा ने अपनी प्रतिभा और नवाचार से जिले, राज्य और देश का नाम गौरवान्वित किया है।
वर्तमान में अलवर जिले में दसवीं कक्षा में अध्ययनरत जैनेन्द्र को इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता के तहत जापान के सकुरा साइंस क्लब कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। जापान से लौटने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक समारोह में छात्र से संवाद करके उसे सम्मानित किया।
श्री शर्मा ने 'पोर्टेबल एडवांस एयर कंडीशनर' विकसित किया है। इस नवाचार की विशेषता यह है कि यह एसी मात्र एक लीटर पानी में करीब छह घंटे तक संचालित हो सकता है। इसे बैटरी, सौर ऊर्जा और विद्युत ऊर्जा तीनों माध्यमों से चलाया जा सकता है। इसकी बिजली खपत करीब 20 वॉट के एलईडी बल्ब के बराबर है।
छात्र ने बताया कि इस एसी में किसी भी प्रकार की गैस या रासायनिक पदार्थ का उपयोग नहीं किया जाता, जिससे यह पर्यावरण अनुकूल एवं ऊर्जा दक्ष तकनीक का उदाहरण बनता है। जैनेन्द्र की इस उपलब्धि से शिक्षा जगत में खुशी की लहर है और क्षेत्रवासियों ने इसे युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक सफलता बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित