बारां , अप्रैल 27 -- राजस्थान में बारां जिले में चर्चित कांच व्यापारी सतीश गौड़ अपहरण कांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार करके फिरौती के तौर पर वसूले गए 14 लाख रुपए बरामद कर लिये हैं।
सूत्रों ने सोमवार को बताया कि 24 अप्रैल को दिनदहाड़े हुए इस सनसनीखेज अपहरण मामले ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। घटना के बाद व्यापारी संगठनों में भारी आक्रोश देखा गया और बारां बंद तक का आह्वान किया गया। बंद के आव्हान से पूर्व रविवार रात पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया था। सोमवार को बंद के चलते पुलिस की कार्रवाई जारी थी, जिनमें दो ओर आरोपी पुलिस के काबू में आ गये हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल, कॉल विवरण रिकॉर्ड और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। लगातार दबिश के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के बाद फिरौती में दी गई 14 लाख रुपए की राशि भी बरामद कर ली गई है। बाकी रकम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि मामले में जल्द ही विस्तृत खुलासा किया जाएगा, जिसमें अपहरण की साजिश, आरोपियों की भूमिका, आपराधिक पृष्ठभूमि और घटना में इस्तेमाल किए गए संसाधनों की जानकारी सामने लाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि यह मामला केवल बारां तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राज्य स्तर पर भी कानून-व्यवस्था को लेकर बहस का विषय बन गया। व्यापारिक संगठनों और आमजन ने सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित