अलवर , अक्टूबर 12 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में त्योहारी सीजन में साइबर ठगों के खिलाफ भिवाड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिन में चार मामले दर्ज करके 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा तीन बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 मोबाइल फोन और 20 सिम कार्ड जब्त किये हैं।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि आरोपी फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर पुराने सिक्के और करेंसी नोट महंगे दामों में खरीदने, 'श्री सांवरिया सेठ उपहार योजना' के नाम पर फर्जी लकी ड्रॉ और नटराज पेन-पेंसिल पैकिंग का काम दिलाने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करते थे। पंजीकरण के नाम पर क्यूआर कोड भेजकर रकम ऐंठी जाती थी और ठगी के लिए फर्जी बैंक खातों एवं सिम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था।
उन्होंने बताया कि 10 और 11 अक्टूबर को जैरोली एवं किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में पुलिस ने जिला विशेष दल और साइबर दल के सहयोग से अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन में ठगी से संबंधित चैट, क्यूआर कोड, भुगतान के स्क्रीनशॉट और फर्जी सोशल मीडिया आईडी मिलीं। इसके अलावा गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल पर जांच में जब्त मोबाइल फोन और एक आरोपी के बैंक खाते के विरुद्ध पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, हरियाणा, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश में कुल पांच शिकायतें दर्ज मिलीं। इनमें पश्चिम बंगाल के हुगली ग्रामीण, बेंगलुरु, गुरुग्राम, पुणे और हिमाचल प्रदेश से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में आरिफदीन, इंसार, जुनैद खान, तालिम खान मनीष, साहून, आदिल, फैजान, अब्बास उर्फ बिहारी, इरसाद, इमरान और मोमिन शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित