धार, सितंबर 22 -- मध्य प्रदेश के धार नगर पालिका (नपा) ने अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और शहर के विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राजस्व जुटाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसके तहत शहर की अलग-अलग प्राइम लोकेशन पर तैयार की गई 12 दुकानों की नीलामी करने का निर्णय लिया गया है।
नपा को इन दुकानों की नीलामी से करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। दुकानों से मिलने वाली आय को शहर में विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा। नगर पालिका का कहना है कि दुकानों की नीलामी से जहां नपा की आय में वृद्धि होगी, वहीं शहर में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। नीलामी प्रक्रिया में छोटे व्यापारियों को भी आसानी से शामिल होने का अवसर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर कारोबार शुरू करने के इच्छुक लोगों को लाभ मिल सकेगा।नपा कर्मचारियों के अनुसार दुकानों की नीलामी में आरक्षण प्रक्रिया का पूरा ध्यान रखा गया है। 12 में से आठ दुकानें अनारक्षित वर्ग, दो दुकानें अजा वर्ग, एक दुकान अन्यर पिछडा वर्ग व एक दुकान अजजा वर्ग के लिए आरक्षित रखी गई है।
दरअसल शहर में अलग-अलग स्थानों पर बनाई गई 12 दुकानों का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अस्पताल चौराहा स्थित बालाजी मंदिर के समीप आठ दुकानें बनकर तैयार हैं। यहां कुछ शेष कार्य बाकी हैं, जिन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश नगर पालिका ने संबंधित ठेकेदार को दिए हैं। इसी तरह लालबाग मार्केट में एक दुकान तथा कुशाभाऊ ठाकरे कॉम्प्लेक्स में तीन दुकानें नीलामी में शामिल की जाएंगी। नपा द्वारा दुकानों की नीलामी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनसे मिलने वाली राशि नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में उपयोग किए जाने की योजना है।
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, दुकानों की नीलामी से प्राप्त होने वाली राशि से नपा की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। सीएमओ वीके सिंह ने बताया कि 12 दुकानों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इनकी नीलामी की प्रक्रिया की जा रही है। छोटे व्यापारी भी नीलामी प्रक्रिया में शामिल होकर दुकान प्राप्त कर अपना कारोबार शुरू या विस्तार कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित