चंडीगढ़ , अप्रैल 08 -- इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने किसानों पर लागू बायोमेट्रिक सत्यापन कीशर्त को तुरंत हटाने की मांग उठायी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने इसे 'बेमतलब और किसान विरोधी' करार देते हुए कहा कि सरकार को तुरंत राहत देनी चाहिए।
श्री माजरा ने बताया कि चौधरी अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में 12 अप्रैल से ट्रैक्टर पर मंडियों का दौरा शुरू किया जाएगा। इस दौरान वे विभिन्न जिलों में जाकर किसानों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी पहले ही 24 घंटे मंडियां खोलने, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट हटाने, लाइसेंस नवीनीकरण और 'मेरी फसल मेरा ब्योरा' पोर्टल खोलने जैसी मांगें मनवा चुकी है।
इनेलो का आरोप है कि बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी शर्तें किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गयी हैं और फसल बेचने की प्रक्रिया जटिल हो गयी है। पार्टी ने मांग की कि यदि गड़बड़ी रोकनी है तो अधिकारियों और व्यापारियों की मिलीभगत पर रोक लगायी जाये।
इसके अलावा, हाल की बेमौसमी बारिश से हुए नुकसान को देखते हुए इनेलो ने सरकार से विशेष गिरदावरी कर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की भी मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित