कोटा , फरवरी 09 -- राजस्थान में कोटा जिले के रानपुर औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह बायोटेक फैक्ट्री में अचानक आग लग गयी।
सूचना मिलते ही नगर निगम के अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और करीब सवा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
कोटा नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि यह फैक्ट्री देवेंद्र पालीवाल की है, जहां कृषि क्षेत्र में उपयोग होने वाले बायोटेक उत्पाद तैयार किए जाते हैं। आग लगने के समय फैक्ट्री में रसायन के ड्रम मौजूद थे, जिससे आग तेजी से फैली। हादसा सुबह हुआ, जब फैक्ट्री में ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे। जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
श्री व्यास ने बताया कि ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग के बाद लगी आग से पास में ही रसायन के ड्रम ने आग पकड़ ली। इसी के साथ-साथ नाले में भी काफी कचरा था। इस कचरे ने भी आग बढ़ाने का काम किया। घटना की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित