नयी दिल्ली , जुलाई 23 -- जैव ऊर्जा पर वैश्विक प्रदर्शनी एवं शिखर सम्मेलन ' बायोएनर्जी ग्लोबल-2026 इसी माह 29 से 31 तारीख राजधानी के यशोभूमि स्थित अंतराष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन केंद्र में आयोजित किया जाएगा।
बायोएनर्जी क्षेत्र पर देश के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की आयोजक मीरा ट्रेड फेयर मीडिया प्रा लि ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन 29 जुलाई को सुबह 10:30 बजे केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल करेंगे। इस अवसर पर समर्थ के मिशन निदेशक आर. पी. अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, लाइफ मिशन तथा राष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी सूचना केंद्र (एनसीबीआई) का सहयोग प्राप्त है।
तीन दिन के इस कार्यक्रम में नीति-निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ, प्रौद्योगिकी प्रदाता, अनुसंधान संस्थान, निवेशक और व्यावसायिक संगठन एक मंच पर एकत्र होकर भारत में सतत ऊर्जा के भविष्य पर विचार-विमर्श करेंगे। इस सम्मेलन में 100 से अधिक प्रदर्शकों, 10,000 से अधिक आगंतुकों, 500 सम्मेलन प्रतिनिधियों, 50 से अधिक वक्ताओं तथा 50 से अधिक तकनीकी एवं व्यावसायिक सत्रों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन प्रतिभागियों को नेटवर्किंग, व्यापार विस्तार तथा ज्ञान और अनुभव के आदान-प्रदान के उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा। विज्ञप्ति के अनुसार ए2बी ग्लोबल इसका मार्केटिंग एवं इवेंट पार्टनर है।
इस आयोजन में ब्राज़ील दूतावास के सद्भावना सहयोग से इस आयोजन को एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयाम प्राप्त हुआ है।
मीरा ट्रेड फेयर मीडिया के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी बलराम गुप्ता ने कहा, "बायोएनर्जी ग्लोबल 2026 का उद्देश्य विचारों और अवसरों के बीच मजबूत सेतु बनाना है। सरकार, उद्योग, नवाचार कर्ताओं और निवेशकों को एक मंच पर लाकर यह आयोजन ऐसे सार्थक सहयोग को बढ़ावा देगा, जो भारत के बायोएनर्जी तंत्र के विकास को गति देने के साथ-साथ देश की स्वच्छ ऊर्जा संबंधी महत्वाकांक्षाओं को भी सशक्त बनाएगा।"प्रदर्शनी के साथ-साथ द्वितीय बायोएनर्जी ग्लोबल समिट और पांचवां नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन बायोएनर्जी इंडिया भी आयोजित किए जाएंगे।
परिचर्चा सत्रों में ऊर्जा सुरक्षा, बायोमास, बायोगैस, कंप्रेस्ड बायोगैस , वेस्ट-टू-एनर्जी, टिकाऊ विमानन ईंधन, बायो-रिफाइनरी, नवीकरणीय ऊर्जा एकीकरण तथा चक्रीय अर्थव्यवस्था आधारित प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख विषय शामिल किये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित