अलवर , सितम्बर 24 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के बाम्बोली गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों की पंचायत हुई।

ग्रामीणों ने कहा कि शनिवार रात हुई लाखों की चोरी के बाद भी अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। ऐसे में ग्रामीणों ने अब सीधे पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी से मिलने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि थाना स्तर पर बार-बार शिकायत और कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद गांव में चोरी की घटनाएं नहीं रुक रही हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, शनिवार रात ठेकेदार बच्चू सिंह चौधरी के मकान में चोर छत के रास्ते दाखिल हुए और करीब आठ तोला सोने के आभूषण और 13 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। परिवार के सदस्य उसी मकान में सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। अब तक चोरों का कोई पता नहीं चला है।

ग्रामीणों ने कहा कि बाम्बोली में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। गांव में पहले भी कई मकानों और अन्य स्थानों पर चोरी हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व की कुछ वारदातों में भी चोरी का माल बरामद नहीं हुआ और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। शनिवार की चोरी का पर्दाफाश नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने कहा कि थाना स्तर पर केवल जांच और जल्द चोरों को पकड़ने का आश्वासन मिलता है, लेकिन अब लगातार हो रही घटनाओं को रोकने के लिए उच्च अधिकारियों तक मामला पहुंचाना जरूरी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी से मिलकर गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने, पूर्व की चोरी की वारदातों का खुलासा करने और शनिवार की चोरी के आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित