लखनऊ , जुलाई 6 -- पूर्व उपप्रधानमंत्री, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर समाज सुधारक और सामाजिक न्याय के पुरोधा बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाई गई।

आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का पूरा जीवन सामाजिक समानता, संवैधानिक मूल्यों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा।

उन्होंने कहा कि आज के समय में उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक न्याय और लोकतंत्र को मजबूत करने की आवश्यकता है। पूर्व मंत्री मोईद अहमद ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने अपने संघर्ष, कर्म और नेतृत्व से भारतीय राजनीति में अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने समाज के हर वर्ग को सम्मान और समान अवसर दिलाने के लिए निरंतर कार्य किया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है और बाबू जगजीवन राम के बताए मार्ग पर चलते हुए देशहित एवं जनहित के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित