रांची , फरवरी 02 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है।

सोशल मीडिया पर जारी एक लंबी पोस्ट में मरांडी ने मुख्यमंत्री पर संवैधानिक संस्थाओं के अपमान, भ्रष्टाचार और आदिवासी इतिहास से छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड के हजारों छात्र छात्रवृत्ति से वंचित हैं, जबकि मुख्यमंत्री असम में एक छात्र संगठन के कार्यक्रम में जाकर भाषण दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां दिए गए भाषण में हेमंत सोरेन ने चुनाव आयोग, राजभवन और केंद्र सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक और मर्यादा से परे टिप्पणियां कीं।

श्री मरांडी ने कहा कि जिस संविधान के तहत हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बने हैं, उसी संविधान में चुनाव आयोग को एसआईआर जैसी प्रक्रियाएं अपनाने का अधिकार भी दिया गया है। ऐसे में संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना अनुचित है।

राजभवन को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री मरांडी ने कहा कि जमीन घोटाले के मामले में ईडी के नोटिस की अवहेलना खुद मुख्यमंत्री ने की थी। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए हेमंत सोरेन आधी रात को दिल्ली से राजभवन पहुंचे थे।

इतिहास और आदिवासी नेताओं को लेकर भी मरांडी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा और सिद्धू-कान्हो जैसे महान आदिवासी नायकों के साथ शिबू सोरेन का नाम जोड़ना इतिहास से छेड़छाड़ और आदिवासी महापुरुषों का अपमान है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि शिबू सोरेन के संघर्ष को नकारा नहीं जा सकता।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर श्री मरांडी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची जमीन घोटाले में चार्जशीटेड हैं, साहिबगंज खनन घोटाले में उनकी भूमिका की जांच सीबीआई कर रही है और ऊर्जा विभाग में भी बड़े घोटाले सामने आए हैं।

वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए श्री मरांडी ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में 1 अक्टूबर 2024 के बाद जुड़े युवाओं को मतदान से वंचित रखकर लोकतंत्र का अपमान खुद राज्य सरकार कर रही है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर मुख्यमंत्री को संविधान पर भरोसा है, तो अद्यतन मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराएं।

श्री मरांडी ने अंत में कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई न रुकेगी और न ही किसी दबाव में आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित