कोलकाता , फरवरी 27 -- ) पश्चिम बंगाल में सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आगामी 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनावों के लिए राज्य के मंत्री बाबुल सुप्रियो, राज्य के पूर्व पुलिस प्रमुख राजीव कुमार, मेनका गुरुस्वामी और अभिनेत्री कोयल मल्लिक को पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने की शुक्रवार को घोषणा की।

राज्यसभा चुनावों में राज्य की पांच सीटों पर मुकाबला है। तृणमूल कांग्रेस के पास इनमें से चार सीटें जीतने के लिए संख्या बल के आधार पर मजबूत स्थिति में है जबकि विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हिस्से एक सीट आ सकती है।

तृणमूल कांग्रेस ने एक बयान में अपने उम्मीदवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है तथा उम्मीद जतायी कि वे पार्टी की मजबूती के साथ ही प्रत्येक भारतीय के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के अपनी प्रतिबद्धता को कायम रखेंगे।

पार्श्वगायक से राजनेता बने बाबुल सुप्रियो अभी पश्चिम बंगाल के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री हैं। राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर उनका चयन इस बात का संकेत हो सकता है कि उन्हें आने वाले अगले विधानसभा चुनावों में मैदान में उतारने की उम्मीद कम है। सुप्रियो ने इससे पहले 2021 में केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद भाजपा छोड़ दी थी और बाद में वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। विधायक निर्वाचित होने के बाद वह ममता सरकार में शामिल हो गए।

श्री राजीव कुमार गत 31 जनवरी को राज्य के पुलिस महानिदेशक के पद से सेवानिवृत हुए हैं और लंबे समय से सुश्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाते हैं।

बंगाली फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री कोएल मलिक मशहूर सिने हस्ती रंजीत मलिक की बेटी हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री का करीबी भी माना जाता है।

चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक पांच मार्च तक नामाकंन दाखिल किए जाऐंगे और छह मार्च को इनकी जांच होगी तथा नौ मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। अगर सिर्फ पांच उम्मीदवार नामांकन दाखिल करते हैं तो 16 मार्च को मतदान की जरुरत नहीं पड़ेगी और उम्मीदवारों को नामांकन पत्रों के जांच के दिन ही निर्वाचित घोषित कर प्रमाणपत्र जारी किए जा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित