बारां , अप्रैल 14 -- राजस्थान में बारां में झालावाड़-बारां के सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा है कि भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिखाया गया समानता, न्याय और अधिकारों का मार्ग अब भी पूरी तरह प्रासंगिक है। श्री दुष्यंत डाॅ अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर शहर मंडल द्वारा शहर के अंबेडकर चौराहे पर विचार गोष्ठी कार्यक्रम में सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गयी।

इस अवसर पर श्री दुष्यंत ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने काकार्य किया और भारतीय संविधान के माध्यम से देश को मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करके समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं और सामाजिक समरसता को मजबूत करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता एवं भाईचारे को सुदृढ़ करें।

विचार गोष्ठी को बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा, वरिष्ठ नेता हेमराज मीणा और अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित