नयी दिल्ली , अप्रैल 10 -- कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन राजेंद्र पाल गौतम ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी अप्रैल महीने को 'सामाजिक न्याय माह' के रूप में मना रही है और संविधान निर्माता भीमराव रामजी अम्बेडकर के सम्माान में मैराथन का आयोजना किया जायेगा।श्री गौतम ने यहां सवाददाता सम्मेलन में कहा कि अप्रैल का यह महीना देश के लिए गौरवशाली है क्योंकि इसी माह में कई महानायकों का जन्म हुआ था। इन महानायकों में ज्योतिबा फुले, डॉ. भीमराव अंबेडकर, राहुल सांकृत्यायन, जगजीवन राम और सम्राट अशोक जैसे महान व्यक्तित्व शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस का अनुसूचित जाति विभाग और पिछड़ा वर्ग विभाग मिलकर 11 अप्रैल को लखनऊ स्थित इंदिरा प्रतिष्ठान में ज्योतिबा राव फुले की जयंती मनायेंगे। इसके बाद रविवार सुबह छह बजे मंडी हाउस, नई दिल्ली से 'सामाजिक परिवर्तन मैराथन' की शुरुआत की जाएगी। इसका शुभारंभ पार्टी नेता राहुल गांधी करेंगे।
इस मैराथन को 'रन फॉर अंबेडकर, रन फॉर संविधान' नाम दिया गया है। श्री गौतम ने कहा कि इसका उद्देश्य डॉ. अम्बेडकर द्वारा निर्मित संविधान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है। इस मैराथन में भाग लेकर लोगों को उस संविधान के प्रति सम्मान प्रकट करना है, जिसने देश की महिलाओं, दलितों और वंचित वर्गों को समान अधिकार दिलाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित