श्रीगंगानगर , फरवरी 25 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना क्षेत्र में निनाण गांव में बाबा रामदेव मंदिर में बुधवार को तड़के अज्ञात चोरचांदी की मूर्ति चुरा कर ले गये।

सुबह घटना का पता चलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की। भादरा पुलिस उप अधीक्षक संजीव कटेवा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मंदिर परिसर का गहन निरीक्षण किया।

मंदिर के पुजारी सूरताराम जाट निवासी निनाण ने बताया कि रात साढ़े 12 बजे वह अलार्म बजने पर ग्रामीणों के साथ मंदिर पहुंचे, तो वहां ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर जांच की तो मुख्य बाबा रामदेव प्रतिमा के ठीक सामने रखी चांदी की मूर्ति नदारद थी।

उन्होंने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है, जिसमें दो अज्ञात युवकों द्वारा चोरी की पूरी घटना साफ-साफ दिखाई दे रही है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है। चांदी की यह प्रतिमा करीब 10 लाख रुपये की बतायी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित