बैतूल , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई नगर स्थित बाबा रामदेव मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बैतूल रोड स्थित मंदिर परिसर में देर रात बदमाश घुसे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। दान पेटी करीब चार महीनों से नहीं खोली गई थी, जिससे उसमें अच्छी-खासी राशि होने की संभावना जताई जा रही है।
सुबह श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने पर दान पेटी का ताला टूटा मिला, जिसके बाद मंदिर समिति को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने देर रात मंदिर को निशाना बनाया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में इससे पहले भी जलाराम बाबा मंदिर और हनुमान मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें आरोपी कैमरों में कैद हुए थे, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मंदिर समिति एवं नागरिकों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित