अलवर , अगस्त 26 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी में रक्षाबंधन के अवसर पर 28 से 30 अगस्त तक बाबा मोहनराम काली खोली धाम पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय लक्खी मेले को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है।
मेले में करीब सात लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कानून व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं।
भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने बुधवार को बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमन लाल मीना की देखरेख में मेले की सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही है। जेबकतरों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए जिला विशेष दल (डीएसटी) और जिला विशेष शाखा के पुलिसकर्मियों को सादा वस्त्रों में तैनात किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। काली खोली और मिलकपुर मंदिर में बनाये गये कंट्रोल रूम के साथ जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष रूम से भी लगातार निगरानी की जायेगी।
उन्होंने बताया कि मेले में अतिरिक्त होमगार्ड, स्वयंसेवकों के साथ 900 से अधिक पुलिसकर्मियों की तीन पारियों में तैनाती की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित