भोपाल , अगस्त 25 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बाबा महाकाल की कृपा से सिंहस्थ-2028 महापर्व का आयोजन भव्य, दिव्य, अद्भुत और अलौकिक होगा। सिंहस्थ से पहले उज्जैन में किए जा रहे विकास कार्यों से नगरी सुंदर और सुव्यवस्थित स्वरूप में नजर आएगी। श्री यादव सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल के दायित्व ग्रहण समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ के लिए संत-महात्माओं, प्रशासन और विभिन्न संगठनों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। संत-महात्माओं के मार्गदर्शन में शासन-प्रशासन श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधा एवं सेवा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है। सिंहस्थ का ऐतिहासिक आयोजन सभी वर्गों की सहभागिता से होगा।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास भूमि उपलब्ध है, वे अपनी भूमि पर स्कूल, अस्पताल और हॉस्टल जैसी सुविधाएं विकसित करने के लिए आगे आएं, सरकार इसमें सहयोग करेगी। उज्जैन के गौरव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की पहचान संत-महात्माओं के कारण बनी है। सिंहस्थ की तैयारियों के लिए विभिन्न धर्मों के लोगों ने धर्मस्थलों के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराकर सहयोग किया है। अनेक नागरिकों ने भी अपने मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जगह स्वेच्छा से उपलब्ध कराई है। डॉ. यादव ने कहा कि आने वाले समय में उज्जैन के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी विकास किया जाएगा, जिससे वे और अधिक भव्य स्वरूप में नजर आएंगे।
राज्यसभा सांसद संत बालयोगी श्री उमेश नाथ महाराज ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का केंद्र है तथा मुख्यमंत्री का ध्यान इसे भव्य स्वरूप देने पर केंद्रित है। स्थानीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत श्री रामेश्वरदास महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सिंहस्थ-2028 के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं।
सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने कहा कि सिंहस्थ सनातन धर्म का विश्व का सबसे बड़ा मेला है और इसकी तैयारियां भी उसी अनुरूप की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक के निर्माण के बाद बाबा महाकाल का आभा मंडल विश्वभर में प्रचारित हुआ है।
सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सिंहस्थ के ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। उज्जैन के विकास के लिए मुख्यमंत्री कृतसंकल्पित हैं और सिंहस्थ के आयोजन में सभी मेजबान की भूमिका में हैं।
सिंहस्थ मेला कार्यालय परिसर में आयोजित दायित्व ग्रहण समारोह में श्री जगदीश अग्रवाल ने संत-महंतों की उपस्थिति में भगवान महाकाल की तस्वीर का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष पद का दायित्व ग्रहण किया। कार्यक्रम में महापौर श्री मुकेश टटवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।
समारोह में विभिन्न अखाड़ों के संत-महंत, मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री ओम जैन, मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री सौभाग्य सिंह, उज्जैन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री मुकेश यादव, पूर्व विधायक श्री राजेंद्र भारती, श्री रामलाल मालवीय, श्री जगदीश पांचाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित