अलवर , मई 19 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के मुण्डावर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाबा मथुरादास महाराज आश्रम रडवा में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद करके घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बताया कि आठ मई की रात अज्ञात चोर आश्रम से करीब 40 कट्टे गेहूं, गैस सिलेंडर, चीनी एवं शक्कर के कट्टे, 10 किलो देसी घी, दानपात्र और तेल के पीपे सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों की पहचान की। संदिग्ध मोबाइल लोकेशन के आधार पर हरिद्वार, गुरुग्राम, नोएडा, दिल्ली, रेवाड़ी और बावल क्षेत्रों में तलाश के बाद पुलिस ने आशु उर्फ तांत्रिक उर्फ बच्चा (23) और पन्नालाल (27) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया गैस सिलेंडर, गेहूं के कट्टे सहित अन्य सामान बरामद कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित