वाराणसी , जून 26 -- श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति की ओर से जम्मू-कश्मीर में बाबा अमरनाथ यात्रियों के लिए चंदनबाड़ी आधार शिविर पर 26वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह भंडारा 3 जुलाई से रक्षाबंधन तक संचालित होगा।
समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने शुक्रवार को बताया कि 28 जून को 70 सेवादारों का दूसरा जत्था वाराणसी से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगा, जो चंदनबाड़ी में श्रद्धालुओं की सेवा करेगा। इससे पहले 20 जून को 10 सेवादारों का पहला दल टेंट व अन्य व्यवस्थाएं करने के लिए रवाना हो चुका है।
उन्होंने बताया कि पहलगाम की घटना के बावजूद श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर उत्साह बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक कड़ी की गई है। जिन श्रद्धालुओं का पूर्व पंजीकरण नहीं हो सका है, उनके लिए पहलगाम, जम्मू और श्रीनगर में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। समिति ने अब तक 30 से 40 समूहों के लगभग 300 से 600 यात्रियों के पंजीकरण में भी सहायता की है।
भंडारे में श्रद्धालुओं को बनारसी कचौड़ी, जलेबी, ठंडाई, पूड़ी-सब्जी, दाल-चावल, पावभाजी, इडली, मसाला डोसा और दूध सहित विभिन्न प्रकार के भोजन की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा कंबल, जूते, मोजे, मास्क, टोपी, स्वेटर और शॉल जैसी आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। चंदनबाड़ी शिविर में लगभग 300 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था रहेगी। यहां से अमरनाथ गुफा की लगभग 36 किलोमीटर की यात्रा शेष रहती है।
दिलीप सिंह बंटी ने बताया कि 28 जून की सुबह 7:30 बजे लक्सा स्थित उनके आवास के निकट से 300 से 400 बाइकों की भव्य रैली निकाली जाएगी। रैली में बर्फ स्वरूप शिवलिंग और डमरू दल विशेष आकर्षण होंगे, जो विभिन्न स्थानों पर रुककर डमरू वादन के माध्यम से बाबा भोलेनाथ को काशी से यात्रा का संदेश देंगे।
उन्होंने बताया कि एक अन्य दल अमृतसर के रास्ते ट्रकों से भंडारे की खाद्य सामग्री लेकर चंदनबाड़ी पहुंचेगा। वहीं 10 जुलाई को गुजरात के राजकोट से प्रभारी जितेंद्र भाई टाटमिया, दिनेश नंदानी, धीरू भाई सोजित्रा सहित अन्य सेवादार गुजराती व्यंजनों की सामग्री के साथ भंडारे में शामिल होंगे। समिति के अनुसार इस वर्ष अमरनाथ यात्रा में पिछले वर्षों की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित