चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- पंजाब में राजनीतिक गतिविधियों के बीच बाबा बकाला विधानसभा क्षेत्र में शिरोमणि अकाली दल को झटका देते हुए अकाली दल के तीन बार विधायक रहे रंजीत सिंह छज्जलवाड़ी शनिवार को पुत्र सतिंदरजीत सिंह छज्जलवाड़ी के साथ आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए।

मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्याधिकारी राजबीर सिंह घुम्मण ने दोनों को पार्टी में शामिल कराया। उन्होंने कहा कि छज्जलवाड़ी परिवार के आप में शामिल होने से बाबा बकाला और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर नेता और आम लोग लगातार आप से जुड़ रहे हैं।

श्री सतिंदरजीत सिंह छज्जलवाड़ी अकाली दल (पुनर) के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी के तौर पर काम कर रहे थे और 2022 में जंडियाला गुरु विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। छज्जलवाड़ी परिवार का बाबा बकाला क्षेत्र में लंबे समय से राजनीतिक आधार रहा है। आप में शामिल होने के बाद दोनों ने पार्टी को मजबूत करने और क्षेत्र के विकास के लिए काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित