चंडीगढ़ , जून 25 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने गुरुवार को महान सिख योद्धा और शहीद बाबा बंदा सिंह बहादुर के शहीदी दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री संधवां ने बाबा बंदा सिंह बहादुर के अद्वितीय बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पहला स्वतंत्र सिख शासन स्थापित कर इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। उन्होंने कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर द्वारा लागू किये गये क्रांतिकारी भूमि सुधारों ने गरीब किसानों और खेतिहर वर्ग को भूमि का मालिकाना अधिकार दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर का जीवन साहस, न्याय और निस्वार्थ सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने अत्याचार और दमन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर ने अन्याय के खिलाफ डटकर मुकाबला किया और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग और शौर्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
श्री संधवां ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे बाबा बंदा सिंह बहादुर के आदर्शों को अपनायें और समाज में न्याय, समानता तथा मानवता की रक्षा के लिए आगे आयें। उन्होंने कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर का जीवन संघर्ष, नेतृत्व और जनसेवा की भावना का प्रतीक है, जो आज भी समाज को नयी दिशा और प्रेरणा प्रदान करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित