पटना , जुलाई 30 -- बिहार के ग्रामीण विकास और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बांका के सुईया नामक स्थान पर दीनानाथ साह शिविर का उद्घाटन किया। गोटिया धर्मशाला नाम के इस शिविर में बाबाधाम जाने वाले सभी लोगों को मुफ्त रहने, आराम करने से लेकर सभी सुविधाएं प्रदान की जाएगी। मोतिहारी के रहने वाले दीनानाथ साह ने अपने स्तर से इस धर्मशाला का निर्माण कराया है।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि सावन की शुरुआत हो गई है। लाखों की संख्या में लोग बैधनाथधाम बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए जाते हैं। इन सभी लोगों को रास्ते में बांका जिला में सुईया नामक स्थान पर इस धर्मशाला में उन्हें मुफ्त में विश्राम करने की सुविधा मिलेगी। यहां पीने का पानी समेत सभी जरूरी सुविधाएं श्रद्धालुओं को मिलेगी। इस सराहनीय पहल से यात्रियों को लंबी यात्रा के बीच में आरादायक वातावरण में विश्राम करने से लेकर शौचालय, पीने का पानी समेत अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर से भी श्रावणी मेला में तमाम सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। इस बार बाबाधाम जाने वाले किसी व्यक्ति को कोई असुविधा नहीं हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। सुरक्षा के भी तमाम इंतजाम किए गए हैं। इस बार मेला को नए स्तर से आयोजित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित