, Aug. 20 -- पटना, 20 अगस्त (वार्ता बापू टावर, पटना के सभागार में मूर्धन्य कला समीक्षक एवं कवि विनोद भारद्वाज का एकल व्याख्यान आयोजित किया गया। बापू संवाद -7 के तहत 'गांधी, कला और डिजाइन' पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता निफ्ट, पटना के निदेशक कर्नल राहुल शर्मा ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार थे।
कार्यक्रम की शुरुआत में विषय प्रवेश करते हुए बापू टावर के निदेशक विनय कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का कला से गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने कलाकारों की एक पूरी पीढ़ी को प्रभावित किया।
मुख्य वक्तव्य देते हुए विनोद भारद्वाज ने ए. रामचंद्रन की कला पर गांधी के प्रभाव की विस्तार से चर्चा की। रवींद्रनाथ टैगोर और गांधी के हवाले से उन्होंने आधुनिक कला में निहित मूल्यों पर विस्तार से अपनी बात रखी। ए रामचंद्रन की कला में गांधीवादी मूल्यों और उनको आदर्शों को सबसे ज्यादा जगह मिली। कॉस्ट्यूम डिजाइन से लेकर खादी तथा हैण्डलूम की निर्माण प्रक्रिया में गांधी की अमिट छाप रही। उन्होंने बताया कि यह एक तथ्य है कि बाद के दिनों में गांधी फिल्म के लिए भानु अथैया को ऑस्कर पुरस्कार से भी नवाजा गया।
मुख्य अतिथि प्रणव कुमार ने आधुनिक परिधानों के मुकाबले खादी को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गांधी की प्रासंगिकता हर दौर में बनी रहेगी। पद्मश्री श्याम शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि गांधीवादी मूल्यों को अपनाने से आधुनिक कला में सादगी और स्थानीयता का समावेशन हुआ रही।
कार्यक्रम का संचालन बापू टावर के प्रशाखा पदाधिकारी प्रत्यूष चंद्र मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निफ्ट, डीपीएस , पटना हाई स्कूल, कमला नेहरू गर्ल्स स्कूल और आर्ट कॉलेज के छात्र -छात्राओं के साथ ही शहर के कई गणमान्य हस्तियां उपस्थित थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित