पटना , अगस्त 24 -- ापू टावर, पटना के सभागार में चंपारण सत्याग्रह के अप्रतिम योद्धा राजकुमार शुक्ल की 151वीं जयंती के अवसर पर व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दो दिवसीय आयोजन के पहले चरण में कल 23 अगस्त को बापू टावर के निदेशक एवं सभी पदाधिकारियों द्वारा पंडित राजकुमार शुक्ल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई एवं दर्शकों के लिय बिस्वजीत मुखर्जी की डॉक्यूमेंट्री 'गांधी का चंपारण' का विशेष प्रदर्शन किया गया।

इसी कार्यक्रम के दूसरे दिन आज 'राजकुमार शुक्ल एवं चंपारण' विषय पर व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्तव्य देते हुए गांधी आश्रम, नरकटियागंज के शत्रुघ्न झा ने चंपारण सत्याग्रह और उसके बाद की परिस्थितियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि राजकुमार शुक्ल ने गांधी को न केवल चंपारण बुलाया बल्कि वहां की तमाम स्थितियों से उन्हें अवगत भी कराया। शत्रुघ्न झा स्वयं चंपारण की भूमि पर गांधीवादी मूल्यों और विचारों को प्रचारित करने में महती भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के दूसरे वक्ता गांधी संग्रहालय के संयुक्त सचिव आसिफ वसी ने उपस्थित छात्रों को गांधीवादी नैतिकता और उसमें निहित मूल्यों को अपने जीवन में उतारने की सलाह दी।

अध्यक्षीय वक्तव्य देते हुए बापू टावर के निदेशक विनय कुमार ने कहा कि गांधी जी और राजकुमार शुक्ल के मूल काम आज भी हमें अभिप्रेरित करने सक्षम हैं। उन्होंने छात्रों को इस कार्यक्रम से जोड़ते हुए एक इंटरेक्टिव सेशन भी संचालित किया जिसमें छात्रों ने विषय पर अपनी त्वरित प्रतिक्रिया शेयर की।

इस अवसर पर स्वागत वक्तव्य बापू टावर के उपनिदेशक ललित कुमार सिंह द्वारा दिया गया जबकि कार्यक्रम का संचालन बापू टावर पटना के प्रशाखा पदाधिकारी प्रत्यूष चंद्र मिश्रा द्वारा किया गया तथा धन्यवाद गया ज्ञापन अवर सचिव अरुण कुमार पाठक द्वारा किया गया।

इस अवसर पर बापू टावर की संयुक्त सचिव किरण कुमारी,अवर सचिव अजय कुमार सिंह पटना हाई स्कूल के शिक्षक अशोक कुमार के साथ ही बड़ी संख्या में पटना हाई स्कूल के छात्र शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित