पटना, मई 15 -- पटना के बापू टावर एवं 'लवली क्रिएशन' के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को बापू टावर में चित्रकार अलका दास की एकल चित्रकला प्रदर्शनी 'प्रवाह' का उद्घाटन हुआ।

कला और संस्कृति के इस अनूठे समागम का शुभारंभ बापू टावर के निदेशक श्री विनय कुमार ने किया और यह प्रदर्शनी 30 मई तक चलेगी। इस प्रदर्शनी में अलका दास की कुल 36 पेंटिंग्स को प्रदर्शित किया गया है, जो मिथिला शैली की बारीकियों को जीवंत करती है। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण ऐतिहासिक और पौराणिक विषयों का अद्भुत समन्वय है। इसमें अर्द्धनारीश्वर, कमलदह, सूर्य, महात्मा गांधी, स्वामी विवेकानंद और मेघदूतम जैसी कृतियाँ शामिल हैं। साथ ही, 1857 का गदर, रामायण, अशोक वाटिका और वैवाहिक परंपरा का प्रतीक कोहबर जैसे विषयों पर आधारित पेंटिंग्स के माध्यम से बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया है।

उद्घाटन के अवसर पर बिहार के प्रतिष्ठित विद्वानों और कलाकारों की उपस्थिति रहीं। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से इतिहासकार शिव कुमार मिश्र, अर्चना सिन्हा, अनीश अंकुर, मनीष कुमार और इतिहासकार वैरव लाल दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित