पटना , अक्टूबर 21 -- ापू टावर फेलोशिप के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 31 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। पहले इसके लिए अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित थी। फेलोशिप के तहत महात्मा गांधी और बिहार से जुड़े सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विषयों पर शोध करना होगा। इसके लिए कुल पांच फेलो का चयन किया जाएगा, जिन्हें एक वर्ष के लिए पांच लाख रुपये की फेलोशिप राशि दी जाएगी।

बापू टावर के निदेशक विनय कुमार ने बताया कि आवेदक के पास गांधी आधारित विषयों में स्नातक या उससे उच्चतर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा महात्मा गांधी और उनके जीवन दर्शन से जुड़े क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक कार्य करने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। उच्चत्तर डिग्री रखने वाले अभ्यर्थियों या गांधी दर्शन के क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदक के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष रखी गई है।

बापू टावर फेलोशिप के लिए इच्छुक अभ्यर्थी अपना बायोडाटा, फोटो और फेलोशिप शोध विषय पर 4000- 5000 शब्दों में शोध प्रस्ताव बापू टावर निदेशक, पटना को स्पीड पोस्ट, कूरियर के जरिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा गर्दनीबाग स्तिथ बापू टावर में जाकर आवेदन जमा करने की सुविधा दी गई है। प्राप्त शोध प्रस्तावों के आधार पर चयन कमिटी फेलो का चयन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित