अलवर , मई 04 -- राजस्थान में कोटपूतली बहरोड जिले के बानसूर थाना क्षेत्र में रविवार को रात में एक निर्माणाधीन उप जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भवन में एक युवा ठेकेदार की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि घटना कालका देवी माता मंदिर के पास स्थित निर्माणाधीन उप जिला अस्पताल की है। मृतक की पहचान रामसिंह राजपूत (24) निवासी फलोदी (जोधपुर) के रूप में हुई है। रामसिंह ने अस्पताल भवन में एयर कंडीशनर और डक्ट फिटिंग के कार्य का ठेका ले रखा था।

सोमवार सुबह करीब पौने सात बजे जब निर्माण कार्य में जुटे मजदूर भवन के अंदर पहुंचे, तो उन्होंने रामसिंह का लहूलुहान शव देखा। मजदूरों की सूचना पर बानसूर के पुलिस उपाधीक्षक मेघा गोयल और थाना प्रभारी राजेश यादव भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हमलावरों ने ठेकेदार पर किसी कटर या धारदार हथियार से हमला किया था। मृतक का गला रेता गया था और शरीर के अन्य हिस्सों, विशेषकर हाथ और पैरों पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। अत्यधिक खून बह जाने के कारण ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल की स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने अत्यंत क्रूरता के साथ इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला को मौके पर बुलाया जिन्होंने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित