अलवर , मई 07 -- राजस्थान में कोटपुतली बहरोड़ जिले अंतर्गत बानसूर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए सिंथेटिक दूध बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली दूध, रिफाइंड पामोलिन तेल, लैक्टोज पाउडर और दूध तैयार करने में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए।

यह कार्रवाई जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष सिंह शेखावत के निर्देश पर की गई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि बाबरिया गांव में एक मकान के भीतर निजी डेयरी की आड़ में मिलावटी दूध तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर दल ने छापा मारा तो वहां कैलाश गुर्जर नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से सिंथेटिक दूध बनाना सामने आया।

जांच में पता चला कि आरोपी मिक्सी मशीन में रिफाइंड पामोलिन तेल और लैक्टोज पाउडर मिलाकर नकली दूध तैयार करता था। इस दूध को बाद में विभिन्न डेयरियों में आपूर्ति किया जाता था। कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके से 45 लीटर रिफाइंड पामोलिन तेल, 35 किलो लैक्टोज पाउडर, 150 लीटर तैयार सिंथेटिक दूध, दो बड़ी मिक्सी मशीनें और कई खाली पीपे बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपी कैलाश गुर्जर ने स्वीकार किया कि वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से यह कारोबार कर रहा था। वह प्रतिदिन 400 से 500 लीटर तक नकली दूध तैयार करके आसपास की डेयरियों में आपूर्ति करता था। आरोपी ने बताया कि पहले वह "सखी डेयरी" को दूध देता था, लेकिन मिलावट पकड़े जाने के बाद वहां आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद उसने सोडावास स्थित एक निजी डेयरी में दूध बेचना शुरू कर दिया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा और नेहा शर्मा ने मौके से दूध के नमूने लेकर जांच के लिए जयपुर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान विभाग ने जब्त किया गया पूरा मिलावटी दूध और सामग्री मौके पर ही नष्ट करवा दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित