अलवर , अप्रैल् 07 -- राजस्थान के कोटपुतली- बहरोड़ जिले में बानसूर के हरसौरा थाना क्षेत्र के दामोदर का बास गांव निवासी एवं सैनिक नायक गोवर्धन गुर्जर का मंगलवार कोे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

उनके बड़े बेटे अंकित ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पहले उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। नायक गोवर्धन गुर्जर (38) सेना की 2 गार्ड्स बटालियन हिसार में तैनात थे और सोमवार को ड्यूटी के दौरान शहीद हो गये। मंगलवार को जब उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम नजर आई।

उनके सम्मान में हमीरपुर से दामोदर का बास तक करीब छह किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान 'जब तक सूरज चांद रहेगा, गोवर्धन तेरा नाम रहेगा' और 'भारत माता की जय' के नारों से आसमान गूंज उठा। रास्ते भर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर वीर जवान को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान एसडीएम अनुराग हरित, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर ऋषिदेव यादव और कई जनप्रतिनिधियों सहित हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने वीर जवान को अंतिम विदाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित