तेहरान , मार्च 04 -- ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप लगाया कि उन्होंने परमाणु वार्ता के दौरान हमले कर कूटनीति और अमेरिकी जनता दोनों के साथ विश्वासघात किया है।
श्री अराघची ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि जब जटिल परमाणु वार्ताओं को रियल एस्टेट सौदे की तरह देखा जाता है और झूठ वास्तविकताओं को ढक देते हैं, तब अवास्तविक अपेक्षाएं पूरी नहीं हो सकतीं।
उन्होंने कहा कि इसका परिणाम यह हुआ कि वार्ता की मेज पर ही बमबारी कर दी गयी। उनके अनुसार श्री ट्रंप ने कूटनीति के साथ-साथ उन अमेरिकियों के साथ भी विश्वासघात किया है जिन्होंने उन्हें चुना था। यह बयान ऐसे समय आया है जब शनिवार से अमेरिका और इज़रायल ने तेहरान तथा ईरान के कई अन्य शहरों पर संयुक्त हमले किए हैं। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई, उनके परिवार के कुछ सदस्य, कई शीर्ष सैन्य कमांडर और नागरिकों की मौत की खबर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित