नयी दिल्ली , मार्च 28 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच इस सप्ताह मंगलवार को टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान श्री ट्रंप के साथ अमेरिकी उद्यमी एलान मस्क की कथित उपस्थिति की मीडिया की रिपोर्ट के बीच भारत ने स्पष्ट किया है किया है कि यह वार्ता केवल श्री मोदी और श्री ट्रंप के बीच हुई थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बारे में शनिवार को कहा, " हमने पूरी रिपोर्ट देखी है। 24 मार्च को हुई टेलीफोन बातचीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच ही हुई थी। "दोनों नेताओं की इस बातचीत के बारे में प्रवक्ता ने कहा, " जैसा कि पहले भी कहा जा चुका है, इससे पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिला।"गौरतलब है कि अमेरिकी मीडिया के एक हलके ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है बातचीत के दौरान श्री ट्रंप के साथ अमेरिका के टेस्ला कारपोरेशन के प्रमुख श्री मस्क भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित