प्रयागराज , सितंबर 4 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा और यमुना के बढ़ते जलस्तर से ग्रामीण इलाकों में बाढ़ का संकट गहराने लगा है। बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ने के कारण झुंसी से गारापुर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो रहिमापुर-सोनौटी मार्ग भी आवागमन के लिए बंद हो सकता है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बहादुरपुर के ब्लॉक प्रमुख अरुणेंद्र यादव उर्फ डब्बू यादव ने शुक्रवार को नाव के जरिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों को राशन और रोजमर्रा की जरूरत का सामान वितरित किया।

श्री यादव ने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीण हर वर्ष बाढ़ से प्रभावित होते हैं, लेकिन अब तक इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। इस संबंध में विधायक और सांसद से भी चर्चा की गई है, लेकिन पिछले करीब 20 वर्षों से ग्रामीणों को हर साल बाढ़ की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के लिए भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी को देखते हुए उन्होंने स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जाकर ग्रामीणों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि वह जल्द ही इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे और बाढ़ से हर वर्ष प्रभावित होने वाले गांवों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए स्थायी समाधान की मांग करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित