पटना , सितंबर 21 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के बिहार राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने सोमवार को कहा कि बिहार में एक साथ बाढ़ और सूखे की त्रासदी के बावजूद केंद्र सरकार की ओर से कोई सहायता घोषित नहीं की गयी है और गरीबों, भूमिहीनों, किसानों, मजदूरों, छात्रों, नौजवानों तथा महिलाओं समेत आम जनता परेशान है।
भाकपा के राज्य सचिव ने यहां जनशक्ति भवन में ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन, बिहार राज्य किसान सभा, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन, भारतीय खेत मजदूर यूनियन, बिहार महिला समाज, निर्माण मजदूर यूनियन, बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन और बिहार राज्य आशा संघ की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस परिस्थिति में विभिन्न जनसंगठनों ने अपनी मांगों को लेकर 28 सितंबर को लोकभवन मार्च करने का निर्णय लिया है, जिसके समर्थन में उनकी पार्टी मुस्तैदी से खड़ी है।
इस बैठक में 28 सितंबर को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर प्रस्तावित आक्रोशपूर्ण राजभवन मार्च की तैयारियों की समीक्षा की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित