चंडीगढ़ , मई 31 -- पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने रविवार को बताया कि राज्य सरकार ने बाढ़-रोधी कार्यों तथा राज्यभर में किसी भी प्राकृतिक आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अग्रिम रूप से 146 करोड़ रुपये जारी किये हैं।
श्री मुंडियाॅ ने कहा कि आगामी मानसून सीज़न को ध्यान में रखते हुए तथा बाढ़ जैसी किसी भी संभावित आपदा की स्थिति से तुरंत निपटने के लिए ज़िला प्रशासनों को आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराये जा रहे हैं, ताकि वे आपदा प्रबंधन के साथ-साथ संभावित बाढ़ से होने वाले नुकसान को समय रहते कम कर सकें। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पंजाब के सभी ज़िलों को 100 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है, ताकि ज़िला प्रशासन किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों का बिना किसी देरी के प्रभावी ढंग से सामना कर सके।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए नावों, बाढ़-रोधी सामग्री तथा अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु 46 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी जारी की गयी है। इसके तहत प्रत्येक ज़िले को दो करोड़ रुपये उपलब्ध कराये गये हैं, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा सभी ज़िलों की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को मानसून सीज़न से पहले सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि समय पर धनराशि जारी होने से ज़िला प्रशासनों की आपदाओं से निपटने की क्षमता और अधिक मज़बूत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित