मुरैना/श्योपुर , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के चंबल संभाग के श्योपुर जिले में वर्ष 2021 की बाढ़ राहत राशि में हुए करीब ढाई करोड़ रुपये के घोटाले की मुख्य आरोपी महिला तहसीलदार अमिता सिंह तोमर को पुलिस ने आज ग्वालियर स्थित उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बड़ौदा तहसील में बाढ़ पीड़ितों के नाम पर फर्जीवाड़ा कर अपात्र और काल्पनिक व्यक्तियों के नाम से मुआवजा राशि निकाली गई थी, जिससे सरकारी खजाने को बड़ा नुकसान पहुंचा। ऑडिट जांच में इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ था।
इस मामले में बड़ौदा थाने में अपराध क्रमांक 439/23 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
बताया गया है कि अमिता सिंह तोमर को एक दिन पहले ही विजयपुर तहसीलदार पद से हटाया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। उन्हें श्योपुर लाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए संकेत दिए हैं कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित