पटना , सितंबर 15 -- ाज्य के बाढ़ प्रभावित 15 जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से विभिन्न जिलों में 1089 कम्युनिटी किचन संचालित किए जा रहे हैं, जिसके सहारे अबतक लगभग 147.73 लाख लोगों को सुबह-शाम का भोजन कराया जा चुका है। इसी के साथ राज्य भर में 13 राहत शिविर का संचालन किया जा रहा हैं जहां 11,508 बाढ़ शारणार्थियों के लिए आवासन, भोजन, चिकित्सा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच अबतक लगभग 4.11 लाख पॉलीथीन शीट, लगभग 78,700 ड्राई राशन पैकेट एवं लगभग 1400 फूड पैकेट का वितरण किया गया है। आबादी निष्क्रमण एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए विभिन्न जिलों में 1358 सरकारी नावों का परिचालन कराया जा रहा है। इधर, मवेशियों की सुरक्षा में राज्य भर में अबतक कुल 14,251 क्वींटल पशुचारा का वितरण किया जा चुका है।
केन्द्रीय जल आयोग से प्राप्त सूचना के अनुसार, डुमरिया घाट पर गंडक, बलतारा एवं कुर्सेला में कोसी, खगड़िया में बूढ़ी गंडक, पटना के दीघा, गांधीघाट, हाथीदह, भागलपुर एवं कहलगांव में गंगा, श्रीपालपुर में पुनपुन, बेनीबाद में बागमती एवं दरौली में घाघरा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। विभिन्न नदियों के जलस्तर में हुई इस वृद्धि के कारण राज्य के 15 जिलों पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर , कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा एवं अरवल के 88 प्रखण्डों में 575 ग्राम पंचायतों के अन्तर्गत लगभग 49.72 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है।
राज्य के कुछ स्थानों पर नदियों का जलस्तर स्थिर रहने या फिर घटने से राहत की उम्मीद भी जगी है। इसमें मुख्य रूप से वीरपुर बराज पर कोसी का जलस्तर स्थिर तो बाल्मीकिनगर बराज पर गंडक के जलस्तर में गिरावट पाई गई।
हालांकि इन्द्रपुरी बराज पर सोन के जलस्तर में वृद्धि भी देखने को मिली है। संभावित बाढ़ को ध्यान में रखते हुए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य की दिशा में राज्य भर में एसडीआरएफ की 27 और एनडीआरएफ की 10 टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बिहार मौसम सेवा केन्द्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 2 दिनों में राज्य के अनेक स्थानों पर बहुत हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति की सतत निगरानी कर रहा है।
बिहार मौसम सेवा केन्द्र के अनुसार, राज्य में इस वर्ष जून में 103.8 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया है जो जून के लिए निर्धारित सामान्य वर्षापात से 36 फीसदी कम है। जुलाई में 227.2 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया जो सामान्य से 33 फीसदी कम है।
अगस्त में अबतक 190.4 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया जो सामान्य से 29 फीसदी कम है। सितम्बर में अबतक 112.7 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया जो सामान्य से 06 फीसदी अधिक है। 01 जून से 14 सितम्बर की अवधि में 634.2 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया है जो सामान्य से 27 फीसदी कम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित