नयी दिल्ली , सितंबर 04 -- कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता देश के बाढ़ प्रभावित राज्यों असम, बिहार, मध्य प्रदेश के चित्रकूट, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और पड़ोसी देश नेपाल में राहत सामग्री वितरण, भोजन, चिकित्सा सहायता तथा पुनर्वास कार्यों में जुटे हैं।

सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. के नेतृत्व में 'एसओएस सेवादल' के तहत राहत अभियान चलाया जा रहा है। सेवादल के अनुसार, उसके कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन, अस्थायी आवास और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने में लगे हैं तथा श्रीनिवास बी.वी. स्वयं भी कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं सेवा कार्यों में शामिल हो रहे हैं।

श्री श्रीनिवास ने कहा कि सेवादल के कार्यकर्ता विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निर्देश पर लगातार राहत कार्यों में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ ने हजारों परिवारों के सामने जीवन और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है और यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि पीड़ित लोगों के साथ खड़े होने का है।

उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में लोग बाढ़ के पानी में फंसे हैं और अनेक परिवार विस्थापित हुए हैं तथा उनके सामने भोजन, पानी और दवाइयों का संकट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल सेवा को अपनी मूल विचारधारा मानता है और महात्मा गांधी के सेवा तथा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के विचार से प्रेरित होकर जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित