अजनाला/ डेरा बाबा नानक , जुलाई 21 -- शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे 'अपणा पंजाब आपां बचाइए' अभियान के तहत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़-रोधी कार्य शीघ्र पूरा करें।

उन्होंने मंगलवार को अजनाला और डेरा बाबा नानक विधानसभा क्षेत्रों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। अजनाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बादल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पिछले वर्ष आई विनाशकारी बाढ़ से कोई सबक नहीं लिया। उन्होंने कहा कि पिछले साल लाखों एकड़ धान की फसल बाढ़ से बर्बाद हुई थी, लेकिन इस बार भी मानसून से पहले आवश्यक बाढ़-रोधी कार्य पूरे नहीं किये गये। उन्होंने कहा कि किसानों से बातचीत के दौरान पता चला कि कई स्थानों पर तटबंधों को मजबूत करने का काम अधूरा है। बादल ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर कथित अवैध खनन के कारण तटबंध और कमजोर हो गये हैं।

इसके बाद श्री बादल ने डेरा बाबा नानक क्षेत्र का दौरा कर करतारपुर साहिब कॉरिडोर के निकट तटबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जहां नए तटबंध बनाए जाने चाहिए थे, वहां भी काम नहीं हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि आने वाले दिनों में भारी बारिश हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

अकाली दल अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार का इंतजार करने के बजाय स्वयं आगे आकर जरूरी कार्य पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तटबंधों को मजबूत करने के लिए ट्रैक्टरों का उपयोग किया जाए और इस कार्य के लिए आवश्यक डीजल का खर्च वह स्वयं उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि शिरोमणि अकाली दल ने राज्य के 15 ऐसे विधानसभा क्षेत्रों की पहचान की है, जहां बाढ़ का खतरा अधिक है। पार्टी नेताओं को निर्देश दिये गये हैं कि जरूरत वाले स्थानों पर तटबंधों को मजबूत किया जाये।

इस अवसर पर श्री सुखबीर सिंह बादल ने पंथक एकता का भी आह्वान किया। उन्होंने सभी अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं से शिरोमणि अकाली दल के बैनर तले एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि व्यक्तिगत मतभेद हो सकते हैं, लेकिन पार्टी के प्रति समर्पण बना रहना चाहिए क्योंकि यह संगठन पूर्वजों के बलिदानों से खड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली आधारित राजनीतिक दल और कुछ एजेंसियां शिरोमणि अकाली दल को कमजोर करने के लिए नए अकाली गुट खड़े कर रही हैं। उन्होंने लोगों से ऐसी कथित साजिशों को समझने और पंजाब तथा पंजाबी हितों की रक्षा के लिए अकाली दल का साथ देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित