पटना , अक्टूबर 23 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को कहा है कि राज्य सरकार बाढ़ से प्रभावित किसानों को फसल क्षति की भरपाई के लिए कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत आर्थिक सहायता देगी।
श्री सिन्हा ने कहा कि सितंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में नदियों का जलस्तर बढ़ने से आई बाढ़ से प्रभावित नौ जिलों के 43 प्रखंडों की 289 चिह्नित पंचायतों के पात्र किसान 25 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
कृषि मंत्री ने कहा कि बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई कर प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। कृषि इनपुट अनुदान के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि वे फसल क्षति से उत्पन्न कठिनाइयों से उबर सकें और आगामी कृषि कार्यों को सुचारु रूप से जारी रख सकें।
श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान कल्याण, आत्मनिर्भर भारत और समृद्ध कृषि के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। सरकार का उद्देश्य कृषि उत्पादन को निरंतर बनाए रखने के साथ किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित