पटना , सितंबर 08 -- बिहार के पटना जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत, सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि राहत कार्यों में प्रत्येक वर्ग की विशेष आवश्यकताओं का संवेदनशीलता के साथ ध्यान रखा जाए। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों तथा पशुपालकों की जरूरतों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है।जिले में 34 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी अन्य आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।
गर्भवती महिलाओं के लिए नियमित स्वास्थ्य देखभाल, सुरक्षित प्रसव तथा महिलाओं के लिए आवश्यक सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। आपात स्थिति में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। बच्चों के लिए पर्याप्त मात्रा में दूध की व्यवस्था भी की गई है।
जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि राहत सामग्री एवं आवश्यक सुविधाएं जरूरतमंदों तक उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप समय पर पहुंचें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित